TEHRAN NEWS. अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे भीषण संघर्ष के 26वें दिन खाड़ी क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सख्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कराची की ओर जा रहे एक मालवाहक जहाज ‘सेलेन’ को होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) पार करने से रोक दिया है।

IRGC के नेवी कमांडर अलिरेजा तंगसीरी ने स्पष्ट किया कि ‘सेलेन’ नामक इस जहाज के पास होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने की आवश्यक अनुमति नहीं थी। उन्होंने एक कड़ा संदेश जारी करते हुए कहा कि भविष्य में इस रणनीतिक मार्ग से गुजरने वाले हर जहाज को पहले ईरानी अधिकारियों से औपचारिक इजाजत लेनी होगी।

पाकिस्तान की मध्यस्थता कोशिशों को झटका
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब पाकिस्तान इस युद्ध में मध्यस्थ की भूमिका निभाने का प्रयास कर रहा है। गौरतलब है कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बीते कल ही ईरानी राष्ट्रपति मसूद पजशकियान से फोन पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा की थी। ऐसे में जहाज को रोका जाना कूटनीतिक स्तर पर तनाव बढ़ाने वाला माना जा रहा है।

भारतीय जहाजों का आवागमन जारी
एक तरफ जहाँ पाकिस्तानी जहाज को रोका गया, वहीं दूसरी ओर भारतीय तेल और गैस आपूर्ति निर्बाध बनी हुई है। युद्ध की शुरुआत से अब तक भारत के 5 एलपीजी (LPG) और तेल टैंकर सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुके हैं। इन जहाजों में जग वसंत, पाइन गैस, शिवालिक, नंदा देवी, जग लाडकी शामिल हैं।

बढ़ता मृत्यु दर और क्षेत्रीय संकट
ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस जंग में अब तक 2,663 लोगों की मौत हो चुकी है। लेबनान और फिलिस्तीन जैसे क्षेत्रों में भी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापारिक मार्गों पर असुरक्षा के बादल मंडरा रहे हैं।





































