BILASPUR NEWS. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला इलाके से एक हृदयविदारक और संदिग्ध मामला सामने आया है, जहां 16 वर्षीय किशोर का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धुरी पारा मंगला निवासी प्रकाश पटेल ने पुलिस को सूचना दी कि उनके परिचित परिवार का 16 वर्षीय किशोर अरविन्द पटेल (पिता राजेश पटेल) मंगलवार रात करीब 10:30 बजे बाजार से घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चला गया।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह परिजनों को जानकारी मिली कि घर के पास स्थित एक आम के पेड़ के नीचे अरविन्द अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। पास जाकर देखने पर वह फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन स्तब्ध रह गए और तुरंत आसपास के लोगों व पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई की। प्रारंभिक तौर पर मामला फांसी लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।

घटना के बाद से मंगला क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई थी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।




































