अमन सिंह ठाकुर
BILASPUR NEWS. जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोखड़ी के रामघाट के पास एक भयावह सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने पैदल जा रहे एक अधेड़ राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आसपास मौजूद लोग आक्रोशित हो गए। कार में जमकर तोड़फोड़ की गई। इसके बाद उसे आग लगाकर खेत में धकेल दिया गया। हालांकि तोड़फोड़ के बीच ही चालक कार से निकल कर भाग गया था। एक चर्चा यह भी है कि कार में हादसे के बाद आग लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल को संभालने की कोशिश की। इसी बीच आक्रोशित भीड़ ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ यहीं नहीं रुकी आग लगाकर कार को रोड से खेत की ओर धकेल दिया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद कार चालक मौके से गाड़ी छोड़कर फरार हो गया था। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि हादसे के बाद कार में खुद ही आग लग गई। अब सच क्या है यह जांच में ही स्पष्ट हो पाएगा। लेकिन एक सच ये है कि देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास के खेत में खड़ी स्विफ्ट डिजायर धू-धू कर जलने लगी। कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई और मौके पर केवल ढांचा ही बचा रहा।

घटना की सूचना मिलने पर सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों की मदद से घायल राहगीर को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घायल राहगीर का नाम लोखड़ी निवासी लक्ष्मण केवट 60 वर्ष बताया जा रहा है। वह पैदल अपने घर की तरफ जा रहा था तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

सकरी के थाना प्रभारी विजय चौधरी के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि ठोकर मारने के बाद कार में आग लग गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज कंगाले जा रहे हैं। हर एंगल पर पुलिस जांच कर रही है जो भी मामला जांच में निकाल कर सामने आएगा उसी के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तोड़फोड़ और आगजनी की अभी पुष्टि नहीं हुई है।



































