RAIPUR NEWS. कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया और उसके साथ अनाचार किया। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारामा निवासी एक महिला ने 24 दिसंबर 2025 को थाना चारामा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक अज्ञात युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर धारा 137(2), 64, 64(2)(ड) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर उसके बयान दर्ज किए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी सौरभ उर्फ बिट्टू शर्मा, निवासी सतना (मध्यप्रदेश), ने इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे दोस्ती की और बाद में उसे अपने साथ भगा ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के पुणे शहर में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम को वहां भेजा गया, जहां आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय कांकेर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने की ये अपील
पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर बच्चों और अभिभावकों से अपील की है कि इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अज्ञात लोगों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9479155125 जारी किया है, जिस पर दी गई सूचना और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




































