BILASPUR NEWS. झाड़-फूंक के बहाने घर में घुसकर नकदी और जेवरात पार करने वाली एक महिला को सीपत पुलिस ने करीब दो साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से फरार चल रही आरोपिया को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम कुकदा बजरंग चौक निवासी मनीषा कानगो (19 वर्ष) ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 दिसंबर 2023 की रात उसके पिता अनिल कानगो और मां गोंदा बाई ने झाड़-फूंक कराने के लिए ग्राम जाली निवासी जनक राम सौरा और उसकी पत्नी को घर बुलाया था। झाड़-फूंक के दौरान तांत्रिक दंपत्ति ने परिवार को नींबू देकर आंगन और घर के आसपास गाड़ने के लिए बाहर भेज दिया।

इस दौरान कमरे में रखी पेटी में करीब 50 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर (पायल, बिछिया, फुली और अंगूठियां) रखकर ताला लगाया गया था। आरोपियों ने परिवार को यह कहकर भेज दिया कि रातभर दिया जलने देना और पेटी नहीं खोलना। सुबह जब पेटी देखी गई तो उसमें रखी करीब 60 हजार रुपये कीमत की नकदी और जेवरात गायब थे।

मामले में थाना सीपत में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। जांच के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी जनक राम सौरा की मौत हो चुकी है, जबकि उसकी पत्नी झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई (55 वर्ष) जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई थी।

14 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र की कुछ महिलाएं ग्राम बनियाडीह में घूम रही हैं। पुलिस टीम ने महिला आरक्षक के साथ संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह अपना नाम-पता गलत बताती रही, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान झुनिया बाई उर्फ शांति बाई, निवासी जाली हाल मुकाम चकरभाठा सौरा मोहल्ला के रूप में बताई।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





































