RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में विदेशी नागरिकों से जुड़े एक मामले में तेलीबांधा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध वीजा के रह रही दो रूसी युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों युवतियों की पहचान दिनोरा और सारा के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों युवतियां वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद रायपुर में रह रही थीं। प्रारंभिक जांच में उनके देह व्यापार से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

दरअसल, मामले की जांच तब तेज हुई जब वीआईपी रोड पर हुए एक हादसे और उसके बाद हुए विवाद के दौरान पुलिस ने एक रूसी युवती और भावेश आचार्य से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवती ने कई अहम जानकारियां दीं, जिसके बाद पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि तेलीबांधा और सरस्वती नगर इलाके के कुछ होटलों में विदेशों और देश के अलग-अलग राज्यों से युवतियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा था।

पुलिस इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच को और आगे बढ़ाया जा रहा है।



































