RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध पंडवानी गायिका Teejan Bai की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर स्थित All India Institute of Medical Sciences Raipur में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उन्हें न्यूरो सर्जरी वार्ड के आईसीयू में रखा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मिली जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय तीजन बाई पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं। वर्ष 2024 से उन्हें लकवे की बीमारी है और हाल के दिनों में उनकी हालत और अधिक कमजोर हो गई थी। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 20 दिनों से वे ठोस भोजन नहीं ले पा रही थीं और केवल जूस और फलों के सहारे ही रह रही थीं।

हाल ही में प्रधानमंत्री Narendra Modi के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान उनके परिजनों से भी तीजन बाई के स्वास्थ्य को लेकर चर्चा की गई थी। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक इलाज किया जा रहा है।

पंडवानी को दिलाई वैश्विक पहचान
तीजन बाई छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला पंडवानी की सबसे प्रमुख कलाकारों में मानी जाती हैं। उन्होंने अपनी अनूठी शैली और दमदार प्रस्तुति के माध्यम से इस लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।

वे पंडवानी की कपालिक शैली की प्रमुख गायिका हैं और अब तक लगभग 17 देशों में अपनी प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें Padma Shri, Padma Bhushan और Padma Vibhushan जैसे देश के उच्च नागरिक सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।




































