रायपुर। प्रदेश में घटते कोरोना संक्रमण के बीच अब राजधानी रायपुर के स्कूल भी अनलॉक हो रहे हैं। शुक्रवार को रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने नया आदेश जारी कर कक्षा छठवीं से बारहवीं तक स्कूलों को खोलने का निर्देश दिया है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को संचालन को भी अनुमति दे दी है। इसके साथ ही करीब एक माह से बंद स्कूल खुलेंगे।
बता दें कोरोना की तीसरी लहर के कारण बीते 1 माह से भी ज्यादा समय से स्कूल व कॉलेजों कि ऑफलाइन कक्षाएं बंद कर दी गई थी। इधर कोरोना संक्रमण के मामले लगातार घट रहे हैं, इसे देखते हुए कलेक्टर सौरभ कुमार ने नया आदेश जारी किया है। जारी आदेश के मुताबिक कक्षा छठवीं से बारहवीं तक कि ऑफलाइन कक्षाएं लगेंगी। इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र भी खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर सौरभ कुमार ने पहली से कक्षा पांचवी तक की क्लासेस को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किया है। यानी कक्षा पहली से पांचवी तक ऑनलाइन ही पढ़ाई जाएंगी। इसके अलावा कलेक्टर द्वारा सार्वजनिक समारोह, धार्मिक समारोह, खेलकूद, शादी ब्याह को लेकर भी निर्देश दिया है। इसके लिए 50 फीसदी उपस्थिति अनिवार्य की है। 200 से अधिक व्यक्तियों के लिए अनुमति अनिवार्य की गई है।
कोरोना संक्रमण से लगातार राहत जारी
इधर प्रदेश में कोरोना संक्रमण से राहत लगातार जारी है। शुक्रवार को प्रदेश में 37 हजार 715 सैंपलों की जांच की गई। जिसमें 946 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए। इस दौरान प्रदेश की पॉजिटिविटी रेट भी घटी है। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ का औसत पॉजिटिविटी रेट 2.51% रहा।
छत्तीसगढ़ में अब तक 11 लाख 44 हजार 940 व्यक्ति कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 11 लाख 22 हजार 488 लोग स्वस्थ हुए हैं। शुक्रवार को प्रदेश में 2169 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके साथ ही प्रदेश सक्रिय मरीजों की संख्या 8 हजार 464 रह गई है। इस दौरान प्रदेश में 10 लोगों की कोरोना संक्रमन के कारण मौत हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में अब तक 13 हजार 988 लोगों की मौत हो चुकी है।