RAIPUR NEWS. होली के अवकाश के बाद छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज सोमवार 9 मार्च से फिर शुरू होने जा रहा है। सत्र के पहले ही दिन सदन में तीखी राजनीतिक टकराव की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि विपक्षी कांग्रेस दुर्ग जिले में सामने आए अफीम की अवैध खेती के मामले को जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस विधायक इस मुद्दे पर काम रोको प्रस्ताव लाकर चर्चा की मांग कर सकते हैं। पार्टी का आरोप है कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध खेती का मामला सामने आना प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल में कई अहम विभागों से जुड़े सवाल सूचीबद्ध हैं। इनमें प्रमुख रूप से खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, इन विभागों से संबंधित योजनाओं, खर्च और क्रियान्वयन को लेकर विधायकों द्वारा सवाल पूछे जाने की संभावना है। बजट सत्र के अगले चरण में आज से ही मंत्रियों की विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा शुरू होगी।

परंपरा के अनुसार प्रतिदिन लगभग दो विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा हो सकती है। विधानसभा कार्यक्रम के अनुसार विनियोग विधेयक 19 मार्च को पारित किए जाने की संभावना है, जबकि धर्मांतरण से संबंधित विधेयक समेत अन्य महत्वपूर्ण बिल 20 मार्च को सदन में पेश किए जा सकते हैं।

दुर्ग जिले के सामोदा गांव में सामने आए करीब साढ़े 9 एकड़ में अफीम की अवैध खेती के मामले ने राज्य की राजनीति को गर्मा दिया है। इस मामले में जिस खेत मालिक का नाम सामने आया, वह भाजपा से जुड़े राइस मिल विंग का प्रदेश संयोजक बताया जा रहा है। मामला सामने आने के तुरंत बाद भाजपा ने उसे पद से निलंबित कर दिया था।

फिलहाल वह और दो अन्य आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस इस मुद्दे को सदन में लगातार उठाकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है, क्योंकि जांच में अभी कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



































