NEW DELHI NEWS. आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 विश्व कप जीता। खास बात यह रही कि भारत ने लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी अपने नाम की और पहली बार अपने घरेलू मैदान पर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ब ड़ी जीत के साथ भारतीय टीम को न सिर्फ ट्रॉफी मिली, बल्कि करोड़ों रुपये की इनामी राशि भी हासिल हुई।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस टूर्नामेंट के लिए कुल 13.5 मिलियन डॉलर (करीब 120 करोड़ रुपये) का प्राइज पूल तय किया था, जो पिछले संस्करण के मुकाबले लगभग 20 प्रतिशत अधिक है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय टीम को 3 मिलियन डॉलर (करीब 27.5 करोड़ रुपये) की इनामी राशि दी गई। यह राशि पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को मिलती है, जिसके बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच बोनस, मैच फीस और अन्य पुरस्कारों के रूप में वितरित की जाती है।

फाइनल में हार के बावजूद न्यूजीलैंड को भी अच्छी-खासी रकम मिली। रनर-अप टीम के तौर पर न्यूजीलैंड को 1.6 मिलियन डॉलर (लगभग 14.7 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी दी गई। वहीं, टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका को भी बड़ी रकम मिली। दोनों टीमों को 7.9 लाख डॉलर (करीब 7.24 करोड़ रुपये) का इनाम दिया गया।

सुपर-8 में जगह बनाने वाली टीमों को भी पुरस्कार
सुपर-8 चरण तक पहुंचने वाली जिम्बाब्वे, पाकिस्तान, श्रीलंका और वेस्टइंडीज को 3.8 लाख डॉलर (लगभग 3.48 करोड़ रुपये) की प्राइज मनी दी गई। आईसीसी ने इस बार सभी 20 टीमों को प्रोत्साहित करने के लिए ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली टीमों को भी पुरस्कार राशि दी। अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, आयरलैंड, इटली, नामीबिया, नेपाल, नीदरलैंड्स, ओमान, स्कॉटलैंड, यूएई और अमेरिका को 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.3 करोड़ रुपये) मिले।

संजू सैमसन बने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने फाइनल मुकाबले में 46 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेलकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं, जसप्रीत बुमराह प्लेयर ऑफ द मैच बने, उन्होंने 15 रन देकर 4 विकेट झटके।


































