TEHRAN NEWS. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच छिड़ी जंग के आठवें दिन हालात और भी गंभीर हो गए हैं। एक तरफ जहां ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने पड़ोसी देशों से माफी मांगते हुए शांति की अपील की, वहीं दूसरी ओर कतर की राजधानी दोहा में हुए धमाके ने क्षेत्र में फिर से दहशत फैला दी है। इस बीच, अमेरिका ने अब तक के सबसे बड़े हमले की चेतावनी देकर युद्ध के और भी भीषण होने के संकेत दे दिए हैं।

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि अब पड़ोसी देशों पर हमले नहीं किए जाएंगे, जब तक कि उन देशों की जमीन से ईरान पर कोई हमला न किया जाए। उन्होंने पिछले दिनों पड़ोसी देशों पर हुए हमलों के लिए माफी मांगते हुए स्पष्ट किया कि ईरान तनाव बढ़ाना नहीं चाहता। हालांकि, इस बयान के कुछ ही देर बाद कतर की राजधानी दोहा में एक जोरदार धमाका हुआ, जिसने ईरान की मंशा पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।

आज रात ईरान पर ‘सबसे बड़ा हमला’ करेगा अमेरिका
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि आज रात ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जाएगा। इस सैन्य अभियान का मुख्य उद्देश्य ईरान के मिसाइल लॉन्चरों और मिसाइल बनाने वाली फैक्ट्रियों को पूरी तरह नष्ट करना है। गौरतलब है कि 28 फरवरी से शुरू हुई इस जंग में ईरान अब तक इजरायल समेत मिडिल ईस्ट के 13 देशों को निशाना बना चुका है।

युद्ध के अब तक के बड़े आंकड़े
-अमेरिका-इजरायल के हमलों में अब तक ईरान में 1,332 लोगों की मौत हो चुकी है।
-ईरान में अब तक 1,300 हमले हुए हैं, जिसमें 300 मिसाइल लॉन्चर तबाह होने का दावा किया गया है। 14 मेडिकल सेंटर और कई जगहों पर पानी-बिजली की सप्लाई ठप हो गई है।
-ईरान का दावा है कि उसने कुवैत, बहरीन और UAE में स्थित 20 अमेरिकी बेस को नुकसान पहुंचाया है।

भारत के कोच्चि बंदरगाह पर रुका ईरानी युद्धपोत
क्षेत्रीय तनाव के बीच, ईरान का एक युद्धपोत IRIS लावन भारत के कोच्चि बंदरगाह पर तकनीकी खराबी के कारण रुका हुआ है। 28 फरवरी को तकनीकी दिक्कत आने के बाद ईरान ने भारत से मदद मांगी थी, जिसके बाद 1 मार्च को उसे डॉक करने की अनुमति मिली। जहाज के 183 क्रू मेंबर फिलहाल भारतीय नौसेना की सुविधाओं में ठहरे हुए हैं। इससे पहले, अमेरिका ने भारत से लौट रहे एक अन्य ईरानी युद्धपोत ‘IRIS देना’ को श्रीलंका के पास हमला कर डुबो दिया था, जिसमें 87 ईरानी नौसैनिक मारे गए थे।





































