AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी और सबूत छिपाने के लिए शव को घर की पानी की टंकी में डाल दिया। घटना के खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस के मुताबिक घटना के समय आरोपी पुत्र शराब के नशे में था। किसी घरेलू बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव टंकी में छिपाया, सामान्य व्यवहार करता रहा
हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर घर की पानी की टंकी में डाल दिया ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद भी आरोपी सामान्य व्यवहार करता रहा और किसी को शक न हो, इसके लिए उसने खुद को सामान्य दिखाने की कोशिश की।

बदबू से खुला राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी। पड़ोसियों ने संदेह होने पर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर की तलाशी ली तो पानी की टंकी से खून से सना शव बरामद किया गया। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात को स्वीकार किया, लेकिन अपने बचाव में उसने गैर-जिम्मेदाराना ढंग से कहा कि घटना गलती से हो गई। उसके इस बयान से पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और एक बार फिर पारिवारिक हिंसा की गंभीरता को उजागर किया है।





































