BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नवविवाहित जोड़े ने आपसी विवाद के बाद एक ही फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के सीपत रोड स्थित सूर्या चौक की है।

जानकारी के अनुसार, जयरामनगर परसदा निवासी प्रकाश यादव (26 वर्ष) की शादी करीब एक साल पहले गतौरी की रहने वाली पूर्णिमा यादव (22 वर्ष) से हुई थी। दोनों चिंगराजपारा के कदमपारा में किराए के मकान में रहते थे। प्रकाश पेशे से मजदूर था।

बताया जा रहा है कि पूर्णिमा अपने ससुर दिलहरण यादव से अलग रहना चाहती थी, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार रात भी इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों अलग रहने के लिए राजी हो गए और अपना सामान भी पैक कर लिया।

एक ही कपड़े के फंदे से की खुदकुशी
सामान समेटने के बाद दंपति घर से बाहर निकले। लोगों को लगा कि वे कहीं घूमने या शिफ्ट होने जा रहे हैं, लेकिन देर रात पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास एक नीम के पेड़ पर दोनों के शव लटके मिले। हैरान करने वाली बात यह रही कि दोनों ने एक ही कपड़े (फंदे) का इस्तेमाल कर फांसी लगाई थी।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के पिता दिलहरण यादव का बयान दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम पसरा हुआ है।





































