RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उरला थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए रायपुर क्राइम ब्रांच और उरला पुलिस ने पिस्टल लेकर लोगों को धमकाने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश मोहम्मद आमिर उर्फ बद्री को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी को बीरगांव के दुर्गानगर स्थित एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स के पास घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार आमिर बद्री आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ माना, मौदहापारा, खमतराई और उरला थानों में मारपीट, बलवा, लूट और हत्या के प्रयास समेत दो दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जिलाबदर भी रह चुका है।

बताया जा रहा है कि आरोपी शहर में हथियार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।


फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



































