RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के लालपुर इलाके में नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर बने व्यावसायिक परिसर को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाया गया।

जांच में सामने आया कि सरकारी जमीन पर करीब 9 से 10 निजी दुकानों के साथ एक बहुमंजिला इमारत का निर्माण किया गया था। इसी भवन में पीजी का संचालन भी हो रहा था। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई और निर्माण को अवैध पाए जाने पर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके चलते निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए तोड़फोड़ की प्रक्रिया शुरू की।

कार्रवाई से पहले दुकानदारों और पीजी में रह रहे लोगों को परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए थे। किसी भी संभावित विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। नगर निगम के उड़नदस्ता दल के साथ सभी जोन की टीमें भी कार्रवाई के दौरान उपस्थित रहीं।

नायब तहसीलदार ज्योति सिंह ने बताया कि यह मामला लंबे समय से लंबित था। शासकीय भूमि पर 10 से अधिक दुकानों और लगभग 71 कमरों का निर्माण किया गया था, जिन्हें अब हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध हिस्सों को पूरी तरह से हटाने की प्रक्रिया जारी है।

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में जहां भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, वहां इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इस कदम को लेकर स्थानीय स्तर पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।




































