RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में जमीन की नीलामी के नाम पर 57 लाख 40 हजार 900 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कटोरा तालाब निवासी दो भाइयों की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों और एक निजी कंपनी के प्रतिनिधि के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रार्थी अभिषेक बजाज (29) और दीपेश बजाज (32) ने पुलिस को बताया कि शहीद मनमोहन सिंह बक्शी वार्ड स्थित एक भूमि पहले पूनावाला हाउसिंग फाइनेंस (वर्तमान में गृहम हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड) के पास बंधक थी। आरोप है कि मार्च 2022 में नेक्सन सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी अनिल कुमार विश्वकर्मा ने उनसे संपर्क कर उक्त संपत्ति को नीलामी अथवा समझौते के माध्यम से कम कीमत पर दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों तुषार, इकबाल और बुधराम से सेटिंग होने का दावा भी किया।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार 18 मई 2022 को पंजीयन कार्यालय रायपुर में जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और उनसे 57.40 लाख रुपये ले लिए गए। हालांकि रजिस्ट्री और भुगतान के बावजूद अब तक उन्हें जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका है।

सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





































