RAIPUR NEWS. भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव आज यानी 26 फरवरी को रायपुर पहुंचे। इसके बाद कपिल देव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव से सीएम हाउस से सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्य में खेलों के समग्र विकास और युवाओं के लिए बेहतर अवसर सृजित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कपिल देव का स्वागत करते हुए उन्हें बेल मेटल से निर्मित स्मृति-चिन्ह और पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ कॉफी टेबल बुक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना के विस्तार, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निखारने के लिए दीर्घकालिक रणनीति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को सुदृढ़ करने, प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस दौरान सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलों को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में सुरक्षा और विकास के बेहतर होते माहौल की सराहना की।

उन्होंने कहा कि अनुकूल वातावरण मिलने से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और वे देश-विदेश में अपनी पहचान बना सकेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सही दिशा में किए जा रहे प्रयासों से छत्तीसगढ़ खेलों के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छुएगा और प्रतिभाओं के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म के रूप में उभरेगा।



































