BILASPUR NEWS. रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत घासीपुर में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संजय कुमार आर्मो निवासी कर्रा नारा के रूप में हुई है। संजय सोमवार सुबह अपनी बाइक (क्रमांक CG 12 BB 7204) पर सवार होकर किसी निजी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान घोसीपुर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर (क्रमांक CG 10 BS 6541) के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उसे अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय उछलकर दूर जा गिरा और उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रेलर चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है।

युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही उसके गांव और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।




































