RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विधानसभा थाना क्षेत्र में डीपीएस स्कूल के पास धान से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में चार लोगों की मौत की खबर है।

कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक और कार दोनों बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक का पट्टा (हुक/लॉकिंग सिस्टम) अचानक टूट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित ट्रक बगल से गुजर रही कार पर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।

मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।





































