RAIPUR NEWS. नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रायपुर में कांग्रेस भवन का घेराव शुरू कर दिया है। सैकड़ों कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच कर रहे हैं।

शंकर नगर चौक में पहले हुआ था पुतला दहन
इससे पहले शुक्रवार को रायपुर के शंकर नगर चौक में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान राहुल टिकरिहा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि एआई समिट में कई देशों के प्रतिनिधि और अंतरराष्ट्रीय मीडिया मौजूद थे, ऐसे में इस तरह का प्रदर्शन देश की प्रतिष्ठा के खिलाफ है। टिकरिहा ने यह भी कहा कि इसी कड़ी में देशभर में भाजयुमो कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कर रहे हैं, जिसके तहत रायपुर में भी यह कदम उठाया गया है।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कदम उठाए हैं। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में माहौल गरमा गया है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।





































