BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारियों पर अपराधियों का दुस्साहस थमता नजर नहीं आ रहा। तीन दिन के भीतर दूसरी बड़ी लूट की घटना ने व्यापारियों में दहशत पैदा कर दी है। ताजा मामला सीपत थाना क्षेत्र का है, जहां बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलर्स की दुकान से लाखों रुपये का सोना-चांदी और नकदी लूट ली। जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा निवासी विनय सोनी खम्हरिया बस स्टैंड के पास ‘रमेश ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे।

बताया गया कि उन्होंने कैश और जेवरात को अलग-अलग बैग में रखा और शटर गिराकर ताला लगाने के लिए झुके ही थे कि उसी दौरान बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। एक युवक तेजी से आगे बढ़ा, बैग उठाया और बाइक पर सवार होकर साथियों संग फरार हो गया। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई। व्यापारी और सराफा एसोसिएशन का दावा है कि बैग में करीब 60 ग्राम सोना, 8 किलो चांदी और नकदी समेत 50 लाख रुपये से अधिक का माल था।

वहीं थाना प्रभारी के मुताबिक शुरुआती जानकारी में करीब 50 ग्राम सोना, 6 किलो चांदी और कुछ नकदी की बात सामने आई है। वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एसीसीयू टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

पहले भी हो चुकी है बड़ी लूट
गौरतलब है कि तीन दिन पहले ही सरकंडा के राजकिशोर नगर इलाके में सराफा व्यापारी से 3.35 करोड़ रुपये का सोना और नकदी लूट ली गई थी। उस मामले में फरार आरोपियों का उत्तर प्रदेश में पुलिस से सामना हुआ था। लगातार हो रही वारदातों से शहर के व्यापारी वर्ग में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं सराफा कारोबारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।



































