RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरने के कारण एक मरीज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, करण नायक बंजारा नामक मरीज का इलाज एम्स रायपुर के बी ब्लॉक स्थित बी-4 वार्ड में चल रहा था। वह रक्त संबंधी बीमारी से पीड़ित था और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती था। शुक्रवार को अचानक वह अस्पताल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस अस्पताल स्टाफ और परिजनों से पूछताछ कर मामले की पड़ताल कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े और संवेदनशील संस्थान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। आरोप है कि अस्पताल परिसर में पूर्व में भी लापरवाही और चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रबंधन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए।

अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और अस्पताल प्रशासन की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।




































