BILASPUR NEWS. जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसकी 6 महीने की बेटी की मौत हो गई। घटना जर्जर सड़क के कारण बाइक अनियंत्रित होने से हुई, जिसके बाद पीछे से आ रहे एक हाइवा ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद से इलाके में भारी आक्रोश है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुआं बोड़सरा निवासी अशोक यादव अपनी पत्नी शिवरात्रि यादव (उम्र लगभग 22 वर्ष) और 6 महीने की बेटी कनिका को लेकर ससुराल से वापस घर लौट रहे थे। तीनों बाइक पर सवार थे। जब वे जयरामनगर मोड़ के पास पहुंचे, तो सड़क की बदहाल हालत के चलते बाइक अनियंत्रित हो गई।

पीछे से आए हाइवा ने कुचला
बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से शिवरात्रि और उनकी गोद में बैठी बच्ची सड़क पर जा गिरीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा ने दोनों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति अशोक बाल-बाल बच गया।

आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार, हाइवा जब्त
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और हाइवा को जब्त कर लिया है।

जर्जर सड़क को लेकर लोगों में नाराजगी
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि जयरामनगर रोड की हालत लंबे समय से जर्जर है। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही दिन-रात चलती है, जिससे सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। स्थानीय निवासियों और जन-प्रतिनिधियों से कई बार सड़क मरम्मत की मांग की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण आज एक मां-बेटी को अपनी जान गंवानी पड़ी।




































