PENDRA NEWS. पेंड्रा–रतनपुर मुख्य मार्ग स्थित बंजारी घाटी में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शहडोल (मध्यप्रदेश) से बिलासपुर की ओर कोयला लेकर जा रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक और खलासी दोनों की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर पेंड्रा से रतनपुर की ओर बढ़ रहा था। बंजारी घाटी के अंतिम मोड़ पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे खाई में पलट गया। दुर्घटना में चालक प्रकाश महरा गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल उसे पेंड्रा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रेलर में भरा कोयला सड़क और खाई में बिखर गया। जब मलबा हटाया गया तो ट्रेलर के नीचे दबे खलासी उमेश विश्वकर्मा का शव बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और घाटी मार्ग पर वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना की संभावित वजह बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।





































