KORBA NEWS. कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी वैष्णो दरबार बस्ती में घरेलू विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया। एक पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कमरे में बंद कर पत्नी पर हमला, बचाने पहुंचीं मां-बहन भी घायल
जानकारी के अनुसार, आरोपी रामेश्वर साहू ने अपनी पत्नी सुकृता साहू को कमरे में बंद कर चापड़ से हमला किया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां सांवन साहू और बहन निर्मला साहू बचाने पहुंचीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया।

निर्मला साहू ने बताया कि वह घर के पास अपनी दुकान पर थी। शोर सुनकर जब वह घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की तोड़कर भीतर जाने पर उसने देखा कि उसका भाई पत्नी के साथ मारपीट कर रहा है। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने उस पर और उसकी मां पर भी वार कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सुकृता साहू की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी रामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले भी हो चुका है विवाद, चरित्र शंका और पैसों को लेकर तनाव
मामले की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी की शिकायत पर आरोपी करीब एक वर्ष पहले भी जेल जा चुका था। परिजनों के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी पर चरित्र शंका करता था और पैसों की मांग को लेकर अक्सर विवाद करता था।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की गहन जांच की जा रही है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


































