RAIPUR NEWS. भोपाल से रायपुर आ रही एक यात्री विमान की लैंडिंग अंतिम क्षणों में टल गई। विमान ने रनवे को छूने (टचडाउन) के बाद अचानक दोबारा उड़ान भर ली, जिससे कुछ समय के लिए यात्रियों के बीच हलचल की स्थिति बन गई।

यात्रियों के अनुसार, विमान रायपुर एयरपोर्ट के रनवे पर उतर ही रहा था और उसने जमीन को छू भी लिया था। तभी किसी तकनीकी या परिचालन कारण से पायलट ने तुरंत ‘गो-अराउंड’ प्रक्रिया अपनाई और विमान को फिर से हवा में उठा लिया। इसके बाद विमान कुछ देर तक शहर के ऊपर चक्कर लगाता रहा।

अचानक दोबारा ऊंचाई पकड़ने से विमान में सवार यात्रियों को समझ नहीं आया कि आखिर क्या हुआ। केबिन में कुछ समय के लिए सन्नाटा और बेचैनी का माहौल बन गया। विशेषकर बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों में डर की स्थिति देखी गई।

हालांकि, कुछ देर बाद विमान को सुरक्षित रूप से रायपुर एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। घटना के संबंध में आधिकारिक कारणों की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।




































