RAIPUR NEWS. प्रयोगशाला तकनीशियन भर्ती-2023 के अंतर्गत चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए 26 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी कर दी है। यह सूची छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है।

जानकारी के अनुसार, पूर्व में 251 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था, लेकिन इनमें से कुछ अभ्यर्थियों द्वारा लिखित रूप से पद त्याग किया गया, कुछ काउंसलिंग में उपस्थित नहीं हुए और कुछ ने नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद भी कार्यभार ग्रहण नहीं किया। इन कारणों से कुल 28 प्रयोगशाला तकनीशियन पद रिक्त हो गए थे। इन रिक्त पदों को भरने के लिए प्रतीक्षा सूची से पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

जारी अंतिम चयन सूची में सामान्य वर्ग के 21 और भूतपूर्व सैनिक कोटे से 5 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। चयन सूची में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के अभ्यर्थी सम्मिलित हैं। वहीं कुछ पद आरक्षित श्रेणी में पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण रिक्त रखे गए हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को शासकीय महाविद्यालयों में पदस्थापना के लिए 12 फरवरी 2026 को काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होना अनिवार्य होगा। काउंसलिंग का आयोजन कार्यालय आयुक्त, उच्च शिक्षा, संचालनालय, तृतीय तल, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में सुबह 10:30 बजे किया जाएगा। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।





































