RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में पंडरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर विवाह का झांसा देकर महिला से दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये की उगाही करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने पंडरी थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि वह वर्ष 2019 से 2025 तक एक रिलायंस स्टोर में कार्यरत थी, जहां आरोपी नित्या कुमार बरिहा भी काम करता था। इसी दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर मोवा–पंडरी क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि 18 जनवरी 2025 को आरोपी ने पैसों की जरूरत बताकर उससे 52 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। बाद में जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस तरह आरोपी ने ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल 3 लाख 67 हजार रुपये की उगाही की।

मामले में पंडरी थाना में अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी पंडरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस को सूचना मिलने पर फरार आरोपी नित्या कुमार बरिहा को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के दौरान आरोपी द्वारा मोबाइल फोन पेश नहीं करने, वीडियो वायरल करने की धमकी देने और ब्लैकमेलिंग की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ धारा 308(2) और 238 बीएनएस भी जोड़ी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नित्या कुमार बरिहा, पिता लखेराम बरिहा, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम डोंगरीपाली, थाना सांकरा, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




































