BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ विदाई पार्टी के दौरान स्टंट करना छात्रों को भारी पड़ गया। शहर के सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकरा में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र रील बनाने और स्टंट दिखाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डालते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फेयरवेल पार्टी के दौरान कुछ छात्र स्कूल परिसर के भीतर ही कार और ट्रैक्टर लेकर घुस गए। सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ में छात्र वाहनों को बेहद खतरनाक तरीके से तेजी से घुमाने लगे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां मौजूद अन्य छात्र और शिक्षक सख्ते में आ गए।

बाल-बाल बची छात्रों की जान
राहत की बात यह रही कि इस जोरदार टक्कर के बावजूद वाहनों में सवार छात्रों को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वे बाल-बाल बच गए। हालांकि, स्कूल परिसर में इस तरह की लापरवाही ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिस समय छात्र स्टंट कर रहे थे, किसी ने भी उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र किस तरह बेखौफ होकर स्कूल कैंपस को रेसिंग ट्रैक की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। प्रशासन और स्कूल प्रबंधन द्वारा इस मामले में सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




































