BILASPUR NEWS. आसान कमाई के लालच में फंसने वालों के लिए बिलासपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। करोड़ों बनाने का सपना दिखाकर तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी की गई और जब पीड़ितों को धोखा समझ आया तो कानून हाथ में लेकर बदला ले लिया गया। नतीजा यह हुआ कि ठगों के साथ-साथ बदला लेने उतरे पीड़ित भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए। पूरा मामला अब तंत्र-मंत्र, ठगी और लूट के उलझे जाल में बदल चुका है। पुलिस के मुताबिक, खुद को तांत्रिक बताने वाला विजय कुमार राज (48), निवासी दीपका (कोरबा) अपने साथियों के साथ 2.50 लाख रुपए को 2.50 करोड़ बनाने का दावा करता था।

दरअसल, बिल्हा थाना क्षेत्र के संबलपुर गांव में कथित अनुष्ठान का वीडियो बनाया गया, जिसमें पैसों की गड्डी के सामने पूजा-पाठ और ऊपर से पैसों की बारिश जैसा नाटक दिखाया गया। इसी वीडियो के जरिए कोरिया जिले के चार युवकों को झांसे में लिया गया और 30 जनवरी को उन्हें बिल्हा बुलाकर ढाई लाख रुपए ऐंठ लिए गए। जांच में सामने आया है कि इस ठगी के नेटवर्क में तांत्रिक के साथ तीन महिलाएं और एक सरपंच पति भी शामिल थे। बिल्हा के संबलपुर गांव का रिखीराम नवरंग, जो सरपंच पति बताया जा रहा है, कथित तौर पर अनुष्ठानों की व्यवस्था करता था, जबकि महिलाएं लोगों को भरोसे में लेकर लालच देने का काम करती थीं। सभी मिलकर तंत्र विद्या से पैसा बढ़ाने का दावा करते थे।

इस दौरान पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद कोरिया के युवकों ने खुद ही विजय कुमार राज का पीछा किया। 31 जनवरी की रात करीब साढ़े तीन बजे रतनपुर थाना क्षेत्र के एक ढाबे के पास विजय ने टॉयलेट के लिए कार रोकी। तभी दो कारों में पहुंचे पीड़ितों ने उसे बीच सड़क घेर लिया और मारपीट कर उसकी स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और करीब 8 हजार रुपए नकद लूट लिए। घटना की सूचना पर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

इसके बाद मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने अंबिकापुर और कोरिया में दबिश देकर 2 फरवरी को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया। आरोपियों के पास से लूटी गई कार, मोबाइल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा व अर्टिगा कार जब्त की गई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवकों ने बदले की भावना से यह कदम उठाया था। उनका कहना था कि विजय कुमार राज ने तंत्र-मंत्र से पैसे बढ़ाने का भरोसा देकर उनसे रकम ली और वापस देने से इनकार कर दिया। वहीं, जांच में यह भी उजागर हुआ कि विजय खुद तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों से ठगी करता रहा है।
एएसपी मधुलिका सिंह ने बताया कि तांत्रिक और उसके सहयोगियों के खिलाफ बिल्हा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है, जबकि पीड़ित युवकों के खिलाफ लूट और मारपीट के आरोप में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने अब तक ठगी के मामले में 1.85 लाख रुपए बरामद किए हैं।



































