BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ रेलवे के एक टेक्नीशियन ने उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक युवती को शादी का झांसा देकर न केवल उसका शारीरिक शोषण किया, बल्कि गर्भवती होने पर उसका जबरन गर्भपात भी करवा दिया। आरोपी ने अब युवती को पहचानने तक से इंकार कर दिया है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

पीड़िता, जो उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर की रहने वाली है और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी, उसकी पहचान जनवरी 2024 में फेसबुक के जरिए बनारस निवासी ऋषभ कुमार सिंह (34) से हुई थी। बातों का सिलसिला जल्द ही दोस्ती और फिर प्यार में बदल गया। ऋषभ ने युवती को शादी का वादा कर अपने जाल में फंसा लिया।

गर्भवती होने पर करवाया अबॉर्शन
घटनाक्रम के अनुसार आरोपी ने 2024 में युवती को मिलने के लिए बनारस बुलाया और हैदराबाद गेट के पास एक मकान में उसके साथ दुष्कर्म किया। लगातार शोषण के कारण युवती नवंबर 2024 में प्रेग्नेंट हो गई। आरोपी ने उसे धोखे से गर्भपात की दवा खिला दी। ऋषभ की नौकरी रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 के पद पर लग गई और वह ट्रेनिंग के लिए बिलासपुर आ गया। यहाँ भी उसने युवती को बुलाकर शक्ति स्टेशन के पास एक कमरा लिया और कई दिनों तक उसका शारीरिक शोषण किया।

पहचानने से किया इंकार, पीड़िता पहुँची पुलिस के पास
जनवरी 2026 में जब पीड़िता बिना बताए बिलासपुर स्थित आरोपी के कार्यालय पहुँची, तो ऋषभ ने उसे पहचानने तक से इंकार कर दिया। हद तो तब हो गई जब उसने युवती से कहा कि उनके बीच जो कुछ भी था वह सिर्फ शारीरिक संबंध के लिए था और उसने शादी का कोई वादा नहीं किया था।
आरोपी की इस बेरुखी और धोखे से परेशान होकर पीड़िता ने तारबाहर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।




































