MUNGELI NEWS. मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगद्वारी में हुए अंधे कत्ल के मामले का मुंगेली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ही इस हत्या की आरोपी है। पति से लंबे समय से परेशान महिला ने सोते समय कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज मामले को सुलझाया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

बता दें, 24 जनवरी 2026 को ग्राम गंगद्वारी निवासी रूजेश्वरी राजपूत (26 वर्ष) ने थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात्रि लगभग 3 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उसके पति आजूराम राजपूत (51 वर्ष) की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अपराध क्रमांक 18/26 धारा 103 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस ने हर पहलू से जांच शुरू की।

फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया और खून लगी मिट्टी जब्त की गई। पड़ोसियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक ने दूसरी शादी की थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे। संदेह के आधार पर पत्नी रूजेश्वरी को हिरासत में लेकर महिला अधिकारी द्वारा पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान थी। 23 जनवरी की रात पति के सो जाने के बाद करीब 3 बजे उसने घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से पति के सिर, चेहरे, गले, सीने और पेट पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए चोरी की झूठी कहानी गढ़ी।

साक्ष्य जब्त, आरोपी जेल भेजी गई
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और खून से सनी साड़ी जब्त की गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को 24 जनवरी 2026 की रात 8:30 बजे गिरफ्तार कर 25 जनवरी 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।




































