BILASPUR NEWS. पैरोल की आजादी मिलते ही एक कैदी के मन में खोट आ गया और वह निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जेल वापस नहीं लौटा। मामला बिलासपुर के केंद्रीय जेल से जुड़ा है, जहां पॉक्सो एक्ट के तहत 10 साल की सजा काट रहा सजायाफ्ता कैदी पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद फरार हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम बरमांठा निवासी अनुज जांगड़े को धारा 363, 366 और 4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत 10 वर्ष की जेल हुई थी। जेल प्रशासन ने उसे 6 दिसंबर से 21 दिसंबर तक के लिए पैरोल पर छोड़ा था। नियम के अनुसार, उसे 21 दिसंबर की शाम 5 बजे तक वापस केंद्रीय जेल बिलासपुर में उपस्थिति दर्ज करानी थी, लेकिन वह नहीं पहुंचा।

जेल प्रहरी की शिकायत पर FIR दर्ज
जब तय समय सीमा के बाद भी कैदी का कोई सुराग नहीं मिला, तो जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल प्रहरी रोशन साहू ने इस मामले की लिखित शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने फरार कैदी अनुज जांगड़े के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 262 के तहत नया अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस की रडार पर फरार कैदी
सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी कैदी की तलाश के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर दोबारा जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




































