KANKER NEWS. दुर्गूकोदल में धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं और किसानों की समस्याओं को लेकर दुर्गूकोदल में देवलाल दुग्गा के नेतृत्व में किसान एवं समर्थक तहसील कार्यालय दुर्गूकोदल के सामने चटाई बिछाकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान शासन-प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए।

धरने में शामिल किसानों का कहना है कि धान खरीदी टोकन की भारी समस्या, खरीदी लिमिट की कमी और समय पर समाधान न होने के कारण क्षेत्र के किसान लगातार परेशान हैं। कई किसानों को टोकन नहीं मिल पाने से धान बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

पूर्व विधायक देवलाल दुग्गा ने आरोप लगाते हुए कहा कि शासन की लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता के कारण किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की कि धान खरीदी की लिमिट बढ़ाई जाए, टोकन व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और सभी पात्र किसानों से समयबद्ध तरीके से धान खरीदी सुनिश्चित की जाए।

वहीं धरने पर बैठे किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मौके पर मौजूद किसानों ने एकजुट होकर शासन-प्रशासन से व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।


































