RAIPUR NEWS. दीपावली और छठ पूजा के दौरान दिल्ली जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दुर्ग और हजरत निजामुद्दीन के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। वहीं, बिलासपुर मंडल में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 2 नवंबर को दो मेमू ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि एक ट्रेन का परिचालन आंशिक रूप से होगा। ट्रेन नंबर 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन स्पेशल 1, 8 और 15 नवंबर को दुर्ग से सुबह 10:45 बजे रवाना होगी।

रायपुर में इसका ठहराव सुबह 11:20 से 11:25 बजे तक रहेगा। अगले दिन सुबह 11:10 बजे ट्रेन हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग स्पेशल 2, 9 और 16 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। अगले दिन दोपहर 12:10 बजे यह रायपुर पहुंचेगी और 12:15 बजे रवाना होकर दोपहर 1:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

स्पेशल ट्रेन रायपुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें कुल 20 कोच होंगे। इनमें 11 स्लीपर, दो एसी-3 टियर, एक एसी-2 टियर और चार जनरल कोच शामिल हैं। त्योहार के दौरान यात्रा करने वाले यात्री टिकट बुक करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवन ऐप पर ट्रेन की समय-सारिणी और सीटों की उपलब्धता जांच सकते हैं। यात्रियों को सलाह है कि यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और समय-सारिणी की पुष्टि कर लें।

दूसरी ओर, बिलासपुर मंडल के चांपा-रायगढ़ सेक्शन में सक्ती, झाराडीह और खरसिया स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। इसके चलते 2 नवंबर को रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। निर्धारित कार्य के कारण रायगढ़-बिलासपुर मेमू और बिलासपुर-रायगढ़ मेमू का परिचालन रद्द रहेगा। वहीं, गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू ट्रेन केवल गोंदिया और बिलासपुर के बीच चलेगी। बिलासपुर-झारसुगुड़ा-बिलासपुर सेक्शन में इसका परिचालन रद्द रहेगा।



































