RAJNANDGAON NEWS. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की AK-47 से हर्ष फायरिंग का मामला चर्चा में है। फायरिंग की तकनीक और पुलिस के शस्त्र संबंधी नियमों को लेकर सवाल उठने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यालय के निर्देश पर राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) अजय यादव ने एसपी अंकिता शर्मा से स्पष्टीकरण मांगा है। विजयादशमी पर राजनांदगांव के पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र में परंपरागत रूप से शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। पूजा में पुलिस के शस्त्रों की आराधना कर मां दुर्गा से लोगों की सुरक्षा और बुराई पर विजय की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने साड़ी पहनकर AK-47 से हर्ष फायरिंग की थी। इसके बाद उनकी फायरिंग की तकनीक को लेकर विशेषज्ञों की टिप्पणियां सामने आईं। मामले ने तब तूल पकड़ा, जब पुलिस के शस्त्र संबंधी नियमों और विभाग की गरिमा को लेकर भी सवाल उठाए गए।

राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव के मुताबिक मामला उनके और पुलिस मुख्यालय के संज्ञान में आया है। पुलिस मुख्यालय ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया है और एसपी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। आईजी के अनुसार, विजयादशमी पर पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन की परंपरा है और विभिन्न जिलों में यह आयोजन किया जाता है। हालांकि, राजनांदगांव में शस्त्र पूजन के दौरान एसपी की हर्ष फायरिंग को लेकर मीडिया में हुई टिप्पणियों के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले पर जवाब मांगा है।

स्पष्टीकरण के बाद आगे की कार्रवाई
आईजी अजय यादव ने बताया कि एसपी से पुलिस के शस्त्र संबंधी नियमों और विभाग की गरिमा को लेकर उठे सवालों पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसपी का जवाब मिलने के बाद आईजी अपनी टिप्पणी के साथ प्रकरण पुलिस मुख्यालय को भेजेंगे। इसके बाद पुलिस मुख्यालय से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।




































