KORIA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं घायल हो गईं। हादसा पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा के पास हुआ, जहां पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, ऑटो में करीब 15 लोग सवार थे। सभी बिलारो गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने गांव करहीपारा छिंदिया लौट रहे थे। इसी दौरान सांवारावा गांव के पास सामने से आए पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायलों को तत्काल पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के नाम- फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह, उम्र 50 वर्ष, रामबाई पति रामकुमार, उम्र 60 वर्ष,फुलकुंवर पति जगजीवन, उम्र 60 वर्ष, जो तीनों महिलाएं करहीपारा छिंदिया की निवासी थीं।

हादसे में घायल छह महिलाओं का पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। हादसे की सूचना मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के बाद फरार हुए पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। बता दें कि प्रदेश में लगातार सड़क हादसे में लोगों की जान जा रही है।



































