KORBA NEWS: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी की टंकी के ऊपर एक कर्मचारी की लाश मिली। शव मिलने की खबर फैलते ही पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 39 वर्षीय ओम प्रकाश यादव के रूप में हुई है। वह राताखार का रहने वाला था और मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी बताया जा रहा है। ओम प्रकाश आरजी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डालने का काम करता था और घटना के समय सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी पर आया था।
अचानक गायब हुआ कर्मचारी, तलाश के बाद मिला शव
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय पेट्रोल पंप पर तीन कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान ओम प्रकाश अचानक वहां से गायब हो गया। काफी देर तक जब वह नजर नहीं आया तो अन्य कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की।
कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप संचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आसपास खोजबीन की गई। तलाश के दौरान पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी के ऊपर ओम प्रकाश का शव मिला। शव देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
शरीर से पेट्रोल जैसी दुर्गंध, मौत की वजह पर सवाल
प्रारंभिक जानकारी में यह बात भी सामने आई है कि ओम प्रकाश शराब का सेवन करता था। वहीं, पानी की टंकी में पानी और पेट्रोल दोनों होने की बात कही जा रही है। शव से पेट्रोल जैसी दुर्गंध आने की जानकारी भी सामने आई है।हालांकि, कर्मचारी की मौत आखिर किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
मानिकपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




































