JOB NEWS. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 12वीं पास युवाओं के लिए कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने CHSL 2026 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत LDC, JSA, DEO और DEO Grade ‘A’ के करीब 2,536 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 सितंबर से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 7 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 8 अक्टूबर है। इस बार SSC ने CHSL परीक्षा के पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। टियर-1 में सेक्शनल टाइमिंग लागू कर दी गई है। यानी अंग्रेजी, रीजनिंग, गणित और सामान्य जागरूकता के लिए अलग-अलग समय निर्धारित रहेगा। किसी सेक्शन का समय खत्म होने के बाद अभ्यर्थी उस सेक्शन में वापस जाकर सवाल हल नहीं कर पाएगा।

SSC ने CHSL 2026 के लिए करीब 2,536 रिक्तियां घोषित की हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह संख्या फिलहाल संभावित है और अंतिम रिक्तियों की संख्या बाद में जारी की जा सकती है। पिछले साल की भर्ती में संशोधन के बाद करीब 3,522 पद थे, यानी इस बार वैकेंसी कम है। CHSL के अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है। हालांकि कुछ DEO/DEO Grade ‘A’ पदों के लिए 12वीं साइंस स्ट्रीम से गणित विषय के साथ पास होना अनिवार्य है। यह शर्त उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, SSC और संस्कृति मंत्रालय में संबंधित DEO पदों पर लागू है।

उम्मीदवार की उम्र 1 अगस्त 2026 को 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए। यानी अभ्यर्थी का जन्म 2 अगस्त 1999 से पहले और 1 अगस्त 2008 के बाद का नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। टियर-1 परीक्षा में चार विषय होंगे और कुल 60 मिनट का समय मिलेगा। लेकिन अब यह पूरा समय अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी विषय में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। चारों सेक्शन के लिए 15-15 मिनट का सेक्शनल टाइमर रहेगा। टाइमर खत्म होते ही संबंधित सेक्शन लॉक हो जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार न तो उस सेक्शन में वापस जा सकेगा और न ही उसके सवालों के जवाब दे सकेगा।

सामान्य, OBC और EWS वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹100 है। महिला, SC, ST, PwBD और पात्र ESM उम्मीदवारों को शुल्क से छूट दी गई है। उम्मीदवारों का चयन टियर-1, टियर-2, स्किल टेस्ट/टाइपिंग टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के जरिए होगा। DEO पदों के लिए स्किल टेस्ट और LDC/JSA के लिए टाइपिंग टेस्ट लागू होगा। बता दें कि CHSL 2026 में करीब 2,536 संभावित पद हैं। वहीं पिछले साल संशोधन के बाद रिक्तियों की संख्या करीब 3,522 तक पहुंच गई थी। यानी इस बार उम्मीदवारों के लिए उपलब्ध पदों की संख्या कम है।

इन पदों पर होगी भर्ती?
लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC)
जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (JSA)
डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO)
डाटा एंट्री ऑपरेटर ग्रेड ‘A’
आवेदन और फीस से जुड़ी जरूरी तारीखें
आवेदन शुरू: 7 सितंबर 2026
आवेदन की अंतिम तारीख: 7 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे
फीस जमा करने की अंतिम तारीख: 8 अक्टूबर 2026 रात 11 बजे
फॉर्म करेक्शन विंडो: 14 से 16 अक्टूबर 2026
टियर-1 परीक्षा: बाद में घोषित होगी
टियर-2 परीक्षा: बाद में घोषित होगी
जानिए कितनी मिलेगी सैलरी
LDC/JSA: पे लेवल-2, ₹19,900 से ₹63,200
DEO: पे लेवल-4, ₹25,500 से ₹81,100
DEO: पे लेवल-5, ₹29,200 से ₹92,300
DEO Grade ‘A’: पे लेवल-4, ₹25,500 से ₹81,100
































