JASHPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की मां की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रेमिका के बातचीत नहीं करने से नाराज था। इसी बात को लेकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

घटना आषता थाना क्षेत्र के हीर्री गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक प्रेमिका से बातचीत करना चाहता था, लेकिन वह उससे बात नहीं कर रही थी। प्रेमिका की मां ने भी आरोपी को बेटी से बातचीत करने और उसे परेशान करने से मना किया था।

बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज आरोपी महिला के घर में घुस गया और उस पर टंगिया से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।
झारखंड से आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी को झारखंड के रायडीह क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रेमिका से बातचीत को लेकर विवाद और उसकी मां द्वारा आरोपी को बेटी से दूर रहने की हिदायत दिए जाने के बाद यह वारदात हुई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

मां ने बेटी को परेशान करने से किया था मना
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका ने आरोपी को अपनी बेटी से बातचीत नहीं करने और उसे परेशान न करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर महिला को निशाना बनाया।
इस घटना से हीर्री गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



































