RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार तेज हो रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में रातभर हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। रायपुर के सुंदर नगर, महादेवघाट रोड और विधानसभा क्षेत्र के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी है। IMD ने 25 सितंबर को प्रदेश में बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। बस्तर संभाग में बारिश का असर और गंभीर है। जगदलपुर के गंगा मुंडा समेत निचले इलाकों में पानी भरने से सड़कें जलमग्न हो गई हैं। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में नालियों का पानी घरों में घुसने की भी सूचना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में पानी भरने से बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।

लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नदी के आसपास के निचले इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई है। कई ग्रामीण इलाकों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है। बस्तर में बारिश और भूस्खलन के चलते परिवहन व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। 25 सितंबर को किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो यात्री ट्रेनें रद्द की गई हैं। रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन और कुछ हिस्सों में पानी भरने के कारण रेल सेवा बाधित हुई है।

बारिश और खराब मौसम को देखते हुए बस्तर जिले में 25 सितंबर को सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द की गई है। इससे बस्तर का सड़क, रेल और हवाई संपर्क प्रभावित हुआ है। गरियाबंद में भी बारिश ने स्थिति बिगाड़ दी है। जिले में 24 घंटे के दौरान 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। भारी बारिश को देखते हुए गरियाबंद और कांकेर में आज से प्रस्तावित त्रैमासिक परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं।

गरियाबंद में सिकासार बांध से सुरक्षा के मद्देनजर पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने 25 सितंबर के लिए छत्तीसगढ़ के 28 जिलों में चेतावनी जारी की है। इनमें 17 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में यलो अलर्ट बताया गया है। दक्षिणी और मध्य हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।

अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। IMD के अनुसार कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

































