RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और उसमें सुधार कराने के लिए आज आखिरी मौका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर से बढ़ाकर 3 नवंबर कर दी थी। ऐसे में जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है या जिनके नाम, पते और अन्य जानकारियों में गलती है, वे आज आवेदन कर सकते हैं।

दरअसल, प्रदेश में नगरीय निकायों के आगामी आम और उपचुनाव को देखते हुए मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत मतदाताओं को नाम जुड़वाने, अपात्र या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने और दर्ज जानकारियों में सुधार कराने का अवसर दिया गया है। पहले दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर निर्धारित की गई थी।

चक्रवात अर्नब के प्रभाव और प्रदेशभर में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित होने से आयोग ने समय-सीमा बढ़ाकर 3 नवंबर कर दी। अब तक प्राप्त और अंतिम तारीख तक दर्ज होने वाले सभी दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 6 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। दिसंबर में बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली नगर निगम में चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में इन निकायों के पात्र मतदाताओं के लिए सूची में अपना नाम और अन्य जानकारियां जांचना जरूरी है।

आयोग के मुताबिक, अंतिम मतदाता सूची का निरीक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थानों पर निशुल्क किया जा सकेगा। आयोग ने युवाओं और सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। नाम नहीं होने या किसी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित समय में दावा-आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि चुनाव के दौरान मतदान करने में किसी तरह की परेशानी न हो।





































