GARHCHIRAULI NEWS. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में एक दर्दनाक सर्पदंश की घटना सामने आई है। धानोरा तालुका के जपतलाई स्थित अनुदानित आदिवासी आश्रम स्कूल में रात के समय जहरीले सांप ने सो रही छात्राओं को डस लिया। घटना में तीन छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। छात्राएं छात्रावास के कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश की जानकारी मिलते ही छात्राओं को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। धानोरा अस्पताल में इलाज के दौरान दो छात्राओं ने दम तोड़ दिया, जबकि तीसरी छात्रा की गढ़चिरौली जिला सामान्य अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

तीन छात्राओं की मौत, तीन का इलाज जारी
मृत छात्राओं की पहचान दीपिका लकड़ा, सुष्मिता मंडल और अनु कोरेटी के रूप में हुई है। दीपिका लकड़ा कक्षा 6वीं और सुष्मिता मंडल कक्षा 8वीं की छात्रा थीं। वहीं, अनु कोरेटी ने गढ़चिरौली जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सर्पदंश से घायल तीन छात्राओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दीपिका मदावी (कक्षा 5वीं), कविता किरंगा (कक्षा 6वीं) और समृद्धि नैताम (कक्षा 8वीं) शामिल हैं। समृद्धि नैताम की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद छात्राओं में दहशत
घटना के बाद आश्रम स्कूल में रहने वाली छात्राओं में भय का माहौल है। स्कूल परिसर और छात्रावास में छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बड़ी संख्या में आदिवासी छात्राएं इस आश्रम स्कूल में रहकर पढ़ाई करती हैं। ऐसे में परिसर में सांपों की रोकथाम, छात्रावास की सुरक्षा और आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मांगी घटना की रिपोर्ट
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं गढ़चिरौली जिले के प्रभारी मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आश्रम स्कूल में सर्पदंश से छात्राओं की मौत की जानकारी मिली है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से घटना की पूरी रिपोर्ट मांगी है।
वहीं, राज्य के आदिवासी विकास मंत्री अशोक उइके ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने शुरू की जांच
तीन छात्राओं की मौत की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि सांप छात्रावास के कमरे में कैसे पहुंचा और छात्राओं को सर्पदंश के बाद उपचार के लिए कितनी जल्दी अस्पताल पहुंचाया गया।
इस घटना ने आश्रम स्कूलों में रहकर पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद मृत छात्राओं के परिवारों में शोक का माहौल है।





































