RAIPUR NEWS. नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में गए छत्तीसगढ़ के नागरिकों की लगातार जानकारी जुटा रही है और उनके परिजनों से संपर्क बनाए हुए है।

अब तक प्रदेश से जुड़े 9 नागरिकों के संबंध में जानकारी सामने आई है। इनमें 2 नागरिकों के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। वहीं, रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और नेपाल से वापस लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। दूसरी ओर, बिलासपुर और सरगुजा से जुड़े 2 नागरिकों के लापता होने की सूचना है।

मोनिका यादव के परिजनों से संपर्क
रायपुर के महादेव घाट निवासी मोनिका यादव 22 अगस्त को नेपाल गई थीं। नेपाल में बाढ़ के बाद उनके लापता होने और संपर्क टूटने की सूचना मिली थी। प्रशासन के अनुसार, मोनिका के परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। उनकी स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए संबंधित स्तर पर समन्वय किया जा रहा है।

बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में भी परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। प्रशासन उपलब्ध जानकारी का सत्यापन करते हुए आवश्यक समन्वय कर रहा है।
प्रियंका चौधरी और डॉ. मीना गुप्ता की तलाश जारी
बिलासपुर निवासी 39 वर्षीय प्रियंका चौधरी के नेपाल में लापता होने की सूचना है। वे फिनलैंड की नागरिक हैं। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है और उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, सरगुजा निवासी डॉ. मीना गुप्ता, जो यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं, भी नेपाल में लापता हैं। उनका अंतिम ज्ञात स्थान नेपाल-चीन सीमा स्थित रसुवागढ़ी इमिग्रेशन कार्यालय बताया गया है। उनकी स्थिति का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित, लौटने के लिए रवाना
रायपुर के माना क्षेत्र के दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे और अब रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय
आपदा की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के माध्यम से नेपाल में मौजूद नागरिकों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, प्रभावित नागरिकों के परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी लगातार समन्वय बनाए हुए है।
राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि नेपाल गए किसी भी छत्तीसगढ़वासी के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
– टोल फ्री हेल्पलाइन: 1070
– कंट्रोल रूम: 0771-2223471


































