RAIPUR NEWS. सोशल मीडिया पर भगवान को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को रायपुर में माहौल गरमा गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता क्रिश्चियन फोरम के पदाधिकारी अरुण पन्नालाल के घर के बाहर पहुंच गए और जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले हंसराज गोयल की भी तलाश की जा रही है।

हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता 7 अगस्त की रात अरुण पन्नालाल के घर पहुंचे और घेराव करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर नाराजगी जताई और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। इसके बाद पुलिस ने अरुण पन्नालाल को हिरासत में लेकर गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर भगवान शिव और अन्य देवी-देवताओं को लेकर की गई टिप्पणियों पर नाराजगी जताई है। भाजपा नेता अमित चिमनानी ने कहा कि सावन के महीने में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व होता है। ऐसे समय में धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों के मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पुलिस कर रही मामले की जांच
सिविल लाइन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पोस्ट करने वाले हंसराज गोयल की तलाश जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।






































