RAIPUR NEWS. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 137वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ से जुड़ा एक ऐसा जिक्र हुआ, जिसने प्रदेश को गौरवान्वित किया। राजधानी रायपुर की निरंजन धर्मशाला में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को ‘मन की बात’ सुनी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने खास तौर पर छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटियां अब धरती से लेकर अंतरिक्ष तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया। इस पहल के जरिए भारत समेत अलग-अलग देशों की हजारों छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी समझने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

इस मुहिम में छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का शामिल होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल और दूसरे क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को नशे से दूर रखना सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी जिम्मेदारी है। साय ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता। इसका नुकसान परिवार और पूरे समाज को उठाना पड़ता है। ऐसे में युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करने की जरूरत है।

‘मन की बात’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी जिक्र हुआ। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अभियान के तहत 8 करोड़ से ज्यादा लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की। साय ने इसे सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि राष्ट्रध्वज के प्रति लोगों के सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाने के साथ राष्ट्रीय एकता को मजबूत करते हैं। मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के जरिए महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, योजना के लाभार्थियों में करीब 46 फीसदी महिलाएं हैं और लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर छोटे कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं।

साय ने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं तो इसका सीधा फायदा परिवार के साथ-साथ समाज और देश को भी मिलता है। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को लेकर भी लोगों से अपनी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता तभी स्थायी बदलाव बन सकती है, जब यह सरकारी अभियान से आगे बढ़कर लोगों की आदत और जिम्मेदारी बने। घर से लेकर मोहल्ले, गांव और शहर तक लोग अपने आसपास का वातावरण साफ रखने में योगदान दें तो इसका असर जीवन की गुणवत्ता और पूरे क्षेत्र की पहचान पर पड़ता है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की अलग-अलग कड़ियों में छत्तीसगढ़ के कई सकारात्मक प्रयासों और खासियतों का उल्लेख किया है।

उन्होंने बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे उदाहरण गिनाते हुए कहा कि प्रदेश की संस्कृति, विरासत और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच मिलना छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए गौरव की बात है। साय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो पर प्रसारित होने वाला कार्यक्रम नहीं है, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे ऐसे लोगों और प्रयासों को सामने लाने का माध्यम है, जिनकी चर्चा आम तौर पर बड़े स्तर पर नहीं हो पाती।



































