WASHINGTON NEWS. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की चुनाव व्यवस्था की तारीफ करते हुए अपने देश में मतदान के नियम और कड़े करने की पैरवी की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर भारत में लागू वोटर आईडी व्यवस्था का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि अमेरिका में बिना वैध फोटो पहचान पत्र के चुनाव कैसे कराए जा सकते हैं। ट्रंप ने यह टिप्पणी अमेरिका में SAVE America Act लागू करने की अपनी मांग के बीच की है। प्रस्तावित कानून के जरिए अमेरिका में मतदान के दौरान मतदाता की पहचान और नागरिकता से जुड़े नियमों को सख्त करने की कोशिश की जा रही है।

ट्रंप ने पोस्ट में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए दावा किया कि इस महीने की शुरुआत में उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से सवाल किया था कि बिना वैध फोटो आईडी के अमेरिका में चुनाव कैसे हो सकते हैं। ट्रंप ने भारत के पिछले चुनाव का आंकड़ा देते हुए कहा कि करीब 64.6 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया था। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में 1 फीसदी से भी कम लोगों ने डाक के जरिए मतदान किया और प्रत्येक मतदाता के लिए वैध फोटो पहचान पत्र जरूरी था। इसी उदाहरण के आधार पर ट्रंप ने अमेरिका में SAVE America Act पारित करने की जरूरत बताई।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को भारत में चुनाव प्रक्रिया के दौरान विपक्ष की आलोचना का सामना करना पड़ा था। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कई सवाल उठाए थे। वहीं, चुनाव आयोग ने इन आरोपों और सवालों पर अपना पक्ष रखा था। आयोग की ओर से विपक्ष की आपत्तियों का जवाब देने के साथ चुनाव प्रक्रिया से जुड़े संदेह दूर करने के लिए भी कदम सुझाए गए थे। ऐसे समय में ट्रंप की ओर से भारतीय चुनाव व्यवस्था की तारीफ करना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी किया समर्थन
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी ट्रंप के बयान का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भारत की चुनाव प्रणाली का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति इस मामले में बिल्कुल सही थे। गोर ने भारत के पिछले चुनाव में करीब 64.6 करोड़ मतदाताओं का जिक्र किया और कहा कि मतदान करने वाले लोगों के लिए पहचान पत्र की व्यवस्था थी। उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस से SAVE America Act पारित करने की अपील भी की।

क्या है SAVE America Act?
SAVE America Act अमेरिका में चुनाव प्रक्रिया से जुड़े नियमों को सख्त करने के लिए प्रस्तावित कानून है। इसके तहत मतदाता की पहचान और अमेरिकी नागरिकता के प्रमाण से जुड़ी शर्तों को मजबूत करने की बात कही गई है। डोनाल्ड ट्रंप लंबे समय से अमेरिकी चुनाव व्यवस्था में सख्त पहचान और नागरिकता संबंधी नियमों की वकालत करते रहे हैं। भारत की चुनाव व्यवस्था का उदाहरण देकर उन्होंने एक बार फिर इस मुद्दे को अमेरिकी राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।



































