RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई पहचान दिलाने वाले लोगों और संस्थाओं के लिए बड़ी खबर है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ओर से ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ दिए जाएंगे। इस पहल का मकसद राज्य के पर्यटन स्थलों के विकास, प्रचार-प्रसार और पर्यटन क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले उद्यमियों व संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। इस बार पुरस्कार सिर्फ होटल या टूर ऑपरेटर तक सीमित नहीं हैं। स्टार्टअप, रिसॉर्ट, होमस्टे, पर्यटक सूचना केंद्र, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को भी सम्मान के दायरे में शामिल किया गया है। ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के तहत कुल 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार दिया जाएगा। हर विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।

पुरस्कारों के लिए केवल आर्थिक प्रदर्शन को आधार नहीं बनाया जाएगा। स्वच्छता, सतत पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार और पर्यटकों को बेहतर अनुभव जैसे पहलुओं को भी अहमियत दी जाएगी। सर्वश्रेष्ठ होटल के चयन में MICE सुविधाएं, वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार, आयोजित कार्यक्रमों की संख्या, पर्यटन प्रचार, CSR गतिविधियां और रोजगार सृजन जैसे मानक देखे जाएंगे। वहीं टूर ऑपरेटर के लिए आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन और अन्य पर्यटन गतिविधियों के संचालन के साथ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी, इटिनरेरी, प्रचार सामग्री, वेबसाइट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।

सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड उस जिले को मिलेगा, जिसने पर्यटन गंतव्यों के विकास, प्रबंधन और प्रचार के साथ घरेलू व विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बेहतर काम किया हो। इसमें पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, प्रकृति आधारित गतिविधियां, ग्रामीण जीवनशैली, संस्कृति, मत्स्य पालन, पर्यटकों के लिए विशेष अनुभव और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को भी देखा जाएगा। वहीं पर्यटन क्षेत्र में नए विचार और बिजनेस मॉडल लाने वाले स्टार्टअप व उद्यमियों को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार दिया जाएगा। तकनीक, नई सेवाओं और नवाचार के जरिए पर्यटन को अधिक आकर्षक व सुविधाजनक बनाने वाले प्रयासों को प्राथमिकता मिलेगी।

CTB Star Performer की दो श्रेणियों में पर्यटन बोर्ड की प्रीमियम और बजट श्रेणी की इकाइयों को सम्मानित किया जाएगा। रिसॉर्ट के लिए टर्नओवर, लाभप्रदता और ऑक्यूपेंसी जैसे मानकों को देखा जाएगा, जबकि पर्यटक सूचना केंद्रों का मूल्यांकन पूरे साल पर्यटकों के लिए बुकिंग उपलब्ध कराने में उनके प्रदर्शन के आधार पर होगा। सर्वश्रेष्ठ होमस्टे के लिए घरेलू पर्यटन से होने वाला राजस्व, सालाना वृद्धि, बुकिंग, पर्यटकों की संख्या, सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा और शिकायत निवारण व्यवस्था जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांग पर्यटकों के लिए सुविधाएं, होमस्टे की अनूठी अवधारणा, स्थानीय व्यंजनों व उत्पादों को बढ़ावा देना और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार व आय के अवसर पैदा करना भी महत्वपूर्ण होगा।

वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कैटेगरी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर रील्स, वीडियो और डिजिटल कंटेंट के जरिए राज्य के पर्यटन को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को मौका मिलेगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब पर कंटेंट की पहुंच तथा पिछले तीन वर्षों का प्रदर्शन भी मूल्यांकन का हिस्सा होगा। इको-टूरिज्म साइट के लिए पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को प्राथमिकता दी जाएगी। नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और वनस्पति एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण जैसे कामों को महत्व मिलेगा। वहीं कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले संचालकों के लिए सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड रखा गया है। सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुभव, नए एडवेंचर प्रोडक्ट, गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या और राजस्व जैसे मानकों पर प्रदर्शन परखा जाएगा।
ये जानना जरूरी है
सर्वश्रेष्ठ होटल
सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड
15 सितंबर तक करना होगा आवेदन
पुरस्कार के लिए इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट tourism.cgstate.gov.in पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति द्वारा निर्धारित पात्रता और मूल्यांकन मानकों के आधार पर किया जाएगा। यह पुरस्कार योजना छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, सतत पर्यटन और बेहतर सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है।


































