RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ कलाकारों को आर्थिक मदद देने के लिए राज्य सरकार ने पहल की है। संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय ने मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेशभर के लोक कलाकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। योजना के जरिए पारंपरिक कला से जुड़े कलाकारों को आर्थिक संबल देने और उनकी कला को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस योजना में अलग-अलग लोक कलाओं से जुड़े कलाकार हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक कलाकारों को निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन पंजीकृत डाक के जरिए भेजना होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना के तहत कई तरह की पारंपरिक कलाओं को शामिल किया गया है। इनमें प्रमुख रूप से—
नृत्य एवं संगीत
लोक नाट्य
लोकगाथा
छत्तीसगढ़ी गीतकार
वाद्ययंत्र वादक
शिल्प कलाकार
छत्तीसगढ़ी पाक कला यानी पारंपरिक व्यंजन
छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला यानी पारंपरिक श्रृंगार
से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं।

योजना के तहत चयनित कलाकारों को न्यूनतम ₹12 हजार से अधिकतम ₹24 हजार सालाना प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह राशि ई-पेमेंट के माध्यम से एक वित्तीय वर्ष में एक बार प्रदान की जाएगी। योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं है, बल्कि पारंपरिक लोक कलाओं के संरक्षण और कलाकारों के सम्मान को बढ़ावा देना भी है। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र कलाकारों का चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ कलाकारों को जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे। खास बात यह है कि योजना का लाभ उन्हीं कलाकारों को मिलेगा, जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय ₹96 हजार से अधिक नहीं है। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र आवेदन के साथ लगाना होगा।

आवेदन के साथ ये दस्तावेज लगाने होंगे
आवेदन करते समय कलाकारों को कुछ जरूरी दस्तावेज भी जमा करने होंगे। इनमें—
आय प्रमाण-पत्र
बैंक खाते का विवरण
बैंक खाते का IFSC कोड
पैन कार्ड की छायाप्रति

इस पते पर 31 अगस्त तक भेजना होगा आवेदन
इच्छुक कलाकार निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर पंजीकृत डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन प्रपत्र संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा कलाकार इसे संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय के नया रायपुर स्थित कार्यालय से भी प्राप्त कर सकते हैं।
संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय,
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर,
द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर,
छत्तीसगढ़ – 492018
लिफाफे के ऊपर “मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026” स्पष्ट रूप से लिखना जरूरी है।





































