RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद में एक कार्यक्रम के दौरान बारिश रोकने को लेकर भाजपा सांसद भोजराज नाग का दावा अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। मंच से सांसद ने कहा कि उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटा, जिसके बाद बारिश रुक गई। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कह दिया कि कार्यक्रम सफल हो चुका है, अब पानी को गिरना है तो गिरता रहे। सांसद के इस बयान का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। किसी ने इसे आस्था से जोड़ा तो किसी ने सवाल उठाए। मामला तब और दिलचस्प हो गया, जब कांग्रेस ने सांसद के दावे पर तंज कसते हुए महंगाई और बिजली बिल का मुद्दा उठा दिया।

मामला डौंडीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन योजना के कार्यक्रम का है। मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय यहां योजना की 31वीं किस्त जारी करने पहुंचे थे। कार्यक्रम से पहले मौसम खराब था और बारिश की आशंका बनी हुई थी। इसी का जिक्र करते हुए सांसद भोजराज नाग ने मंच से बताया कि मुख्यमंत्री का प्रोटोकॉल रात करीब 12 बजे जारी हुआ था। मौसम खराब होने के बावजूद कार्यक्रम की तैयारी की गई। इसके बाद सांसद ने जो दावा किया, उसने पूरे कार्यक्रम का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

भोजराज नाग ने कहा कि खराब मौसम को देखते हुए उन्होंने बूढ़ादेव और महादेव से प्रार्थना की और नींबू काटकर पानी रोक दिया। उन्होंने आगे कहा कि कार्यक्रम सफल हो गया है। अब पानी को गिरना है तो गिरे। सांसद के इस बयान के दौरान मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अन्य नेताओं के चेहरे पर मुस्कान नजर आई। सभा में भी हंसी-ठहाके सुनाई दिए। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल होने लगा। इसके बाद लोगों ने सांसद के बारिश रोकने वाले दावे को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने इसे लेकर सवाल उठाए तो कुछ ने व्यंग्य करते हुए दूसरे मुद्दों पर भी नींबू आजमाने की सलाह दे डाली। एक यूजर ने कमेंट किया कि अब नींबू काटकर गैस सिलेंडर और बिजली बिल के रेट भी कम करवा दीजिए।

बैज बोले- अगर नींबू से बारिश रुकती है तो महंगाई भी रोक दें
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को हाथों-हाथ लिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने सांसद के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि अगर नींबू काटने से बारिश रुक सकती है तो सांसद नींबू काटकर महंगाई भी रोक दें। उन्होंने पेट्रोल और शक्कर के दाम कम कराने के साथ बिजली बिल घटाने की बात भी कही। इस तरह बारिश रोकने के सांसद के दावे ने राजनीतिक रंग ले लिया।

ऐसा पहली बार नहीं, पहले भी ‘नींबू’ पर चर्चा में आए थे सांसद
भोजराज नाग इससे पहले भी नींबू को लेकर दिए गए बयान के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं। करीब नौ महीने पहले धमतरी में उन्होंने अधिकारियों को लेकर कहा था कि जो अधिकारी जनता की समस्याओं पर फोन नहीं उठाएंगे और शिकायतों का समाधान नहीं करेंगे, उनके लिए वे नींबू काटेंगे। अब एक बार फिर उनके नींबू वाले बयान ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। इस बार मामला बारिश रोकने के दावे से जुड़ा है और कांग्रेस ने इसे महंगाई जैसे मुद्दों से जोड़कर भाजपा पर निशाना साध दिया है।





































